आगरा।
एत्मादपुर थाना क्षेत्र में धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक पुलिसकर्मी सहित सात लोगों पर ₹10 लाख लेने के बावजूद जमीन का बैनामा नहीं करने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर इन सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
मामले के अनुसार, कालिंदी विहार के रहने वाले हंभीर सिंह ने अपने पार्टनर केशव सिंह के साथ मिलकर वीरेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति से ₹12 लाख में एक जमीन का सौदा तय किया था।
Also Read – शादी के समय गर्भवती मिली पत्नी, कोर्ट ने मानसिक क्रूरता मानकर दिया तलाक का आदेश

उन्होंने 11 जुलाई 2023 को ₹10 लाख देकर उप निबंधक एत्मादपुर कार्यालय में रजिस्टर्ड एग्रीमेंट भी करवा लिया था, और बाकी के ₹2 लाख बैनामे के समय देने थे।
काफी समय बीतने के बाद भी जब वीरेंद्र सिंह ने बैनामा नहीं किया, तो हंभीर सिंह ने उनसे संपर्क किया।
आरोप है कि वीरेंद्र सिंह और उनके साथियों ने बैनामा करने के लिए ₹10 लाख और मांगे। जब हंभीर सिंह ने इसका विरोध किया, तो एक पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
इस घटना के बाद हंभीर सिंह ने अपने वकील विराट कृष्ण सक्सेना के माध्यम से सीजेएम कोर्ट में एक याचिका दायर की।

कोर्ट ने तर्कों पर विचार करते हुए वीरेंद्र सिंह, अनीता, लक्ष्मीकांत शर्मा, उर्मिला देवी, दुष्यंत शर्मा, उमेश चंद्र शर्मा और एक अज्ञात पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और मामले की जांच करने का आदेश दिया है।
इस आदेश के बाद, एत्मादपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin




