आगरा।
दीवानी न्यायालय परिसर स्थित सभागार में मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को आगामी विशेष लोक अदालत की तैयारियों के संबंध में समस्त न्यायिक मजिस्ट्रेटगण के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक सीजेएम माननीय शारिब अली की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
आगामी 28 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाली इस विशेष लोक अदालत को सफल बनाने तथा अधिकाधिक यातायात चालानों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से यह बैठक संपन्न हुई।
बैठक में मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत लंबित यातायात चालानों, विशेष रूप से ओवरस्पीड, बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, गलत पार्किंग और विपरीत दिशा में वाहन चलाने से जुड़े मामलों के अधिकतम निस्तारण पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
इसके साथ ही संबंधित न्यायालयों में लंबित चालानों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के पूर्णकालिक सचिव माननीय पंकज कुमार-I ने आम जनमानस और वाहन स्वामियों से इस विशेष लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि जिन वाहन स्वामियों के यातायात चालान लंबित हैं, वे 28 नवंबर 2026 से पूर्व संबंधित न्यायालय में उपस्थित होकर आवश्यक प्रपत्र और प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर दें।

उन्होंने बताया कि समय से पूर्व प्रपत्र जमा करने से मामलों को विशेष लोक अदालत में सुचारू रूप से प्रस्तुत किया जा सकेगा, जिससे निर्धारित तिथि पर आपसी सहमति एवं विधिक प्रक्रिया के अनुसार चालानों का निस्तारण आसानी से संभव हो सकेगा।
प्राधिकरण ने समस्त वाहन स्वामियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर अपने लंबित मामलों का निस्तारण कराने का अनुरोध किया है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- दहेज हत्या में दोषी पीएसी कर्मी को 10 वर्ष का कारावास, 20 हजार रुपये अर्थदंड - November 24, 2026
- चेक डिसऑनर के मामले में कंपनी डायरेक्टर को दो वर्ष का कारावास, 8.94 लाख अर्थदंड - November 24, 2026
- दहेज हत्या के मामले में सास-ससुर दोषमुक्त करार - November 24, 2026





1 thought on “विशेष लोक अदालत में होगा लंबित यातायात चालानों का निस्तारण, न्यायिक मजिस्ट्रेटों की बैठक में बनी रणनीति”