साक्ष्य के अभाव में ससुर समेत तीन आरोपी बरी, सास की मृत्यु के कारण कार्यवाही समाप्त
आगरा।
अपर जिला जज (एडीजे-10) माननीय प्रदीप कुमार की अदालत ने दहेज हत्या के मामले में दोषी पाए गए पीएसी कर्मी यशोवर्धन उर्फ सोनू को 10 वर्ष के कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है।
वहीं, अदालत ने पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में आरोपी ससुर रमेश चंद तथा ममिया ससुर उदयवीर और चंद्रशेखर को बरी करने का आदेश दिया, जबकि सास श्रीमती लक्ष्मी देवी की मृत्यु हो जाने के कारण उनके विरुद्ध मुकदमे की कार्यवाही समाप्त कर दी गई।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, ग्राम नरई, सिकंदरा राऊ (जिला हाथरस) निवासी अरुण कुमार पुत्र बाल मुकुंद ने थाना ताजगंज में मुकदमा दर्ज कराया था।
वादी ने तहरीर में बताया था कि उनकी बहन शशि का विवाह 29 अक्टूबर 2009 को गढ़ी भगवती, नगला सिंघी (जिला फिरोजाबाद) निवासी पीएसी कर्मी यशोवर्धन उर्फ सोनू के साथ हुआ था, जो 15वीं वाहिनी पीएसी के सरकारी आवास, थाना ताजगंज में निवास कर रहा था।
आरोप था कि शादी में दिए गए दहेज से पति और अन्य ससुरालजन संतुष्ट नहीं थे। वे मायके से अतिरिक्त दहेज के रूप में पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाते हुए विवाहिता का उत्पीड़न करते थे।
Also Read – चेक डिसऑनर के मामले में कंपनी डायरेक्टर को दो वर्ष का कारावास, 8.94 लाख अर्थदंड

मांग पूरी करने में असमर्थता जताने पर ससुरालियों ने शशि के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया था। कुछ समय बाद समझौता कर आरोपी उसे वापस ससुराल ले गए, लेकिन प्रताड़ना बंद नहीं हुई।
अंततः पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर 29 सितंबर 2015 को ससुरालजनों ने शशि की हत्या कर दी। वादी की तहरीर पर थाना ताजगंज पुलिस ने पति यशोवर्धन उर्फ सोनू, ससुर रमेश चंद, सास श्रीमती लक्ष्मी देवी तथा आवास विकास कॉलोनी, थाना जगदीशपुरा (आगरा) निवासी ममिया ससुर उदयवीर व चंद्रशेखर (पुत्रगण तोताराम) के विरुद्ध दहेज हत्या एवं अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया था।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक नत्थू सिंह धाकरे ने अभियोजन की ओर से वादी अरुण कुमार, तरुण कुमार, डॉ. संजीव लवानिया, एसडीएम रवि शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक असीम चौधरी, थानाध्यक्ष राजीव कुमार और उपनिरीक्षक मुन्ना सिंह को गवाही के लिए अदालत में पेश किया। वहीं, आरोपियों की ओर से बचाव पक्ष में भी तीन गवाहों के बयान दर्ज कराए गए।
Also Read – विशेष लोक अदालत में होगा लंबित यातायात चालानों का निस्तारण, न्यायिक मजिस्ट्रेटों की बैठक में बनी रणनीति
अदालत ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों, गवाहों के बयान, मृतका की मेडिको-लीगल रिपोर्ट और विशेष लोक अभियोजक नत्थू सिंह धाकरे के तर्कों के आधार पर पति यशोवर्धन उर्फ सोनू को दहेज हत्या का दोषी करार देते हुए 10 वर्ष की कैद और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
दूसरी ओर, सह-आरोपियों के अधिवक्ता प्रवीन कुमार श्रीवास्तव के तर्कों पर अदालत ने साक्ष्य के अभाव में ससुर रमेश चंद तथा दोनों ममिया ससुर उदयवीर व चंद्रशेखर को दोषमुक्त कर दिया।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- दहेज हत्या में दोषी पीएसी कर्मी को 10 वर्ष का कारावास, 20 हजार रुपये अर्थदंड - November 24, 2026
- चेक डिसऑनर के मामले में कंपनी डायरेक्टर को दो वर्ष का कारावास, 8.94 लाख अर्थदंड - November 24, 2026
- दहेज हत्या के मामले में सास-ससुर दोषमुक्त करार - November 24, 2026




