17 वर्ष पुराने लूट के मामले में आरोपी बरी, शिनाख्त और स्वतंत्र गवाह पेश नहीं कर सकी पुलिस

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा ।

अपर जिला जज (एडीजे-8) माननीय रविकांत की अदालत ने 17 वर्ष पुराने लूट के एक मामले में साक्ष्य के अभाव में आरोपी को बरी करने के आदेश दिए हैं।

अदालत ने ग्राम उरावर, थाना नगला खंगर, जिला फिरोजाबाद निवासी आरोपी भूलई पुत्र हरीशंकर यादव को संदेह का लाभ देते हुए दोषमुक्त करार दिया।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, थाना चित्राहट में दर्ज मामले में वादी मुकदमा सोहन कुमार तिवारी ने आरोप लगाया था कि 6 मई 2008 की शाम करीब 4:15 बजे वह अपनी 12 और 10 वर्षीय दो भतीजियों के साथ जरार में आयोजित भागवत के भंडारे से प्रसाद ग्रहण कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे।

पाठकपुरा के समीप हथियारबंद मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। वादी द्वारा मोटरसाइकिल न रोकने पर बदमाशों ने टक्कर मारकर उन्हें सड़क पर गिरा दिया, जिससे वादी और उनकी भतीजी घायल हो गए।

इसके बाद बदमाशों ने हथियार तानकर उनसे नकदी, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल लूट ली और बाह की तरफ फरार हो गए।

विवेचना के उपरांत पुलिस ने इस मामले में आरोपी भूलई, बंटी उर्फ शिवमोहन और विनोद कुमार के विरुद्ध अदालत में आरोप पत्र प्रेषित किया था।

विचारण के दौरान अन्य आरोपियों की पत्रावली पृथक कर दी गई थी। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से वादी सोहन कुमार तिवारी और उनकी भतीजी सहित कुल सात गवाह अदालत में पेश किए गए।

सुनवाई के दौरान आरोपी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रामप्रकाश शर्मा और मुनेंद्र यादव ने तर्क प्रस्तुत किया कि पुलिस ने वादी और उनकी भतीजी से आरोपियों की शिनाख्त नहीं कराई।

इसके अतिरिक्त आरोपी से कथित बरामदगी के संबंध में कोई स्वतंत्र गवाह भी पेश नहीं किया जा सका। बचाव पक्ष के अधिवक्ताओं की दलीलों और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद अदालत ने घटना के 17 वर्ष उपरांत आरोपी को साक्ष्य के अभाव में बरी करने का आदेश पारित किया।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Channel Bulletin & Group Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *