आगरा तेजाब कांड: गैर-जमानती वारंट की तामील न होने पर अदालत सख्त, पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा ।

शाहगंज क्षेत्र के साढ़े चार साल पुराने चर्चित तेजाब कांड में तलब किए गए दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित न होने पर अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है।

लगातार जारी किए जा रहे गैर-जमानती वारंट की प्रभावी तामील न होने पर अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (न्यायालय संख्या-01) माननीय शिव कुमार ने पुलिस आयुक्त, आगरा को पत्र भेजकर संबंधित पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है और आगामी 2 दिसंबर 2026 को अभियुक्तों की पेशी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अभियोजन एवं पत्रावली के अनुसार, यह मामला मई 2022 का है, जब शाहगंज क्षेत्र में असलम की पत्नी रेशमा, पुत्री इल्मा और पुत्र साहिल पर तेजाब फेंका गया था।

घटना के बाद पुलिस ने विवेचना करते हुए कल्लू नामक व्यक्ति के विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया था। हालांकि, पीड़ित परिवार शुरू से ही पुलिस की जांच पर सवाल उठाते हुए असलम के भाइयों रिजवान और फैजान को घटना का मुख्य आरोपी बता रहा था।

मुकदमे की सुनवाई के दौरान पीड़िता की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता नरेश पारस ने गवाहों के बयानों और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर धारा 319 सीआरपीसी के तहत प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।

Also Read – सुप्रीम कोर्ट से मकान मालिकों को बड़ी राहत, नए किराया कानून के तहत लंबित वाद नहीं होंगे खारिज

न्यायालय ने साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद रिजवान और फैजान को अतिरिक्त अभियुक्त के रूप में विचारण के लिए तलब करने का आदेश पारित किया था।

न्यायालय में दोनों अभियुक्तों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए 23 अक्टूबर 2026 से निरंतर गैर-जमानती वारंट जारी किए जा रहे हैं, किंतु पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने में विफल रही है।

पुलिस आयुक्त को प्रेषित पत्र में न्यायालय ने गंभीर आपत्ति दर्ज कराते हुए उल्लेख किया है कि 17 नवंबर 2026 को जारी वारंट को उपनिरीक्षक योगेश कुमार द्वारा 21 नवंबर को बिना तामील वापस कर दिया गया। इसके पश्चात 25 नवंबर को जारी वारंट भी बिना किसी ठोस तामील आख्या के लौटा दिया गया।

अदालत ने इस बात पर भी गहरी नाराजगी व्यक्त की कि 25 नवंबर के वारंट के साथ संबंधित सामान्य डायरी (जी.डी.) की प्रति संलग्न नहीं की गई, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए वास्तव में क्या प्रयास किए।

Also Read – बिना बकाया मनमाने ढंग से बिजली कनेक्शन काटना सेवा में कमी, टोरेंट पावर पर लगा हर्जाना

न्यायालय ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि गैर-जमानती वारंट की तामील महज एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह न्यायिक आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ा दायित्व है। बिना सत्यापन योग्य कार्रवाई के वारंट वापस लौटाने से न्याय प्रशासन की गरिमा प्रभावित होती है और गंभीर अपराधों के विचारण में अनावश्यक विलंब होता है।

अदालत ने पुलिस आयुक्त से अपेक्षा की है कि वे संबंधित थाना प्रभारी और उपनिरीक्षक को आवश्यक निर्देश जारी कर 2 दिसंबर 2026 को दोनों अभियुक्तों की न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित कराएं।

यदि गिरफ्तारी संभव नहीं हो पाती है, तो पुलिस को इसके वास्तविक कारणों और किए गए प्रयासों का स्पष्ट विवरण अभिलेखीय साक्ष्यों के साथ न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करना होगा।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Channel Bulletin & Group Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

1 thought on “आगरा तेजाब कांड: गैर-जमानती वारंट की तामील न होने पर अदालत सख्त, पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *