आगरा।
जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग-प्रथम, आगरा ने एक महत्वपूर्ण फैसले में विद्युत आपूर्ति कंपनी टोरेंट पावर प्राइवेट लिमिटेड को सेवा में कमी और अनुचित व्यापारिक व्यवहार का दोषी ठहराते हुए उपभोक्ता का काटा गया बिजली कनेक्शन 45 दिनों के भीतर पुनः चालू करने का आदेश दिया है।
आयोग के अध्यक्ष माननीय सर्वेश कुमार और सदस्य राजीव सिंह की पीठ ने 23 नवंबर 2026 को सुनाए गए इस निर्णय में कंपनी पर 10,000/- रुपये मानसिक पीड़ा क्षतिपूर्ति और 5,000/- रुपये वाद व्यय भी लगाया है।
मामले के अनुसार, न्यू आगरा थाना क्षेत्र के निवासी कैलाश चन्द सतसंगी 30 सितंबर 2012 को भारतीय रेलवे के मुंबई मंडल से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वर्ष 2013 में पैतृक मकान के बंटवारे में मिले अपने एक-चौथाई हिस्से में प्रकाश व्यवस्था के लिए उन्होंने नियमानुसार 2,880/- रुपये शुल्क जमा कर टोरेंट पावर कंपनी से 22 जुलाई 2013 को विद्युत संयोजन संख्या 675053064 प्राप्त किया था।
परिवादी की ओर से अधिवक्ता शिवसिंह राघव ने आयोग के समक्ष तर्क रखा कि नियमित रूप से बिजली बिलों का भुगतान करने और कोई बकाया न होने के बावजूद कंपनी ने उनका कनेक्शन चार बार विच्छेदित किया।
तीन बार जमा बिलों की रसीदें दिखाने और उच्चाधिकारियों से शिकायत करने पर कनेक्शन जोड़ दिया गया, लेकिन चौथी बार कनेक्शन काटने के बाद बार-बार अनुरोध और जुलाई 2025 में विधिक नोटिस भेजने पर भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई।
Also Read – नकदी, आभूषण व लाइसेंसी राइफल चोरी के आरोपी की जमानत मंजूर, स्वतंत्र गवाह पेश न कर सकी पुलिस

इसके बाद परिवादी ने उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 35 के तहत आयोग की शरण ली।
दूसरी ओर, टोरेंट पावर कंपनी की ओर से अधिवक्ता राजीव दीक्षित ने परिवाद का विरोध करते हुए कहा कि परिवादी के दिवंगत पिता कंचन सिंह के नाम पूर्व में संचालित कनेक्शन संख्या 674015089 पर दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का 1,08,572/- रुपये और टोरेंट पावर का 61,689/- रुपये बकाया था।
कंपनी का आरोप था कि परिवादी ने नो-ड्यूज अंडरटेकिंग देकर यह बकाया छिपाया और उत्तर प्रदेश विद्युत प्रदाय संहिता, 2005 के क्लॉज 4.3 (एफ) का उल्लंघन किया। इसके अलावा कंपनी ने वर्ष 2015 की निरीक्षण रिपोर्टों का हवाला देते हुए विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत बिजली चोरी के आधार पर 90,519/- रुपये का निर्धारण बकाया होने का भी दावा किया।
पिता के पुराने बकाये की आड़ में बेटे का वैध कनेक्शन नहीं काट सकती कंपनी: उपभोक्ता आयोग
आयोग ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन करने के बाद स्पष्ट किया कि परिवादी 22 जुलाई 2013 से उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 2 (7) के अंतर्गत वैध उपभोक्ता है और टोरेंट पावर धारा 2 (38) के तहत सेवा प्रदाता है।
Also Read – साइबर ठगी के शिकार युवक को राहत, फ्रीज की गई 65 हजार रुपये की रकम वापस करने के आदेश
आयोग ने पाया कि परिवादी द्वारा प्रस्तुत वर्ष 2023 से 2026 तक के बिजली बिलों से यह पूरी तरह सिद्ध है कि उनके संयोजन पर टोरेंट पावर या दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम का कोई बकाया शेष नहीं था।
बिजली चोरी के आरोपों को खारिज करते हुए आयोग ने कहा कि कंपनी द्वारा प्रस्तुत निरीक्षण रिपोर्टों पर परिवादी के हस्ताक्षर नहीं हैं और न ही उन रिपोर्टों के आधार पर किसी न्यायालय में कोई परिवाद या आरोपपत्र लंबित होने का प्रमाण दिया गया है, इसलिए एकतरफा निरीक्षण रिपोर्टें साक्ष्य में ग्राह्य नहीं हैं।
दिवंगत पिता के बकाये के प्रश्न पर आयोग ने रेखांकित किया कि परिवादी के पिता कंचन सिंह का निधन 8 अक्टूबर 2005 को ही हो चुका था और परिवादी ने कभी उस पुराने कनेक्शन का उपभोग नहीं किया।
भाइयों में बंटवारे के बाद कंपनी ने स्वयं जांच-पड़ताल कर वर्ष 2013 में परिवादी को नया कनेक्शन दिया था, जिससे विद्युत प्रदाय संहिता के क्लॉज 4.3 (एफ) का कोई उल्लंघन नहीं होता।
आयोग ने स्पष्ट व्यवस्था दी कि यदि मृतक पिता के नाम कोई बिल बकाया है, तो कंपनी उसे उनके सभी विधिक उत्तराधिकारियों से उनके अंश के अनुसार वसूल सकती है, लेकिन अपनी त्रुटि के लिए किसी वैध उपभोक्ता का कनेक्शन मनमाने तरीके से नहीं काट सकती।
सर्वोच्च न्यायालय के प्रसिद्ध निर्णय चमेली सिंह बनाम स्टेट ऑफ यूपी (1996) और भारतीय संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत प्राण एवं दैहिक स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लेख करते हुए आयोग ने कहा कि बिना उचित कारण बिजली आपूर्ति बाधित करना व्यक्ति की वैयक्तिक स्वतंत्रता में बाधा और सेवा में गंभीर कमी है।
अपने अंतिम आदेश में आयोग ने टोरेंट पावर को निर्देश दिया है कि वह निर्णय की तिथि 23 नवंबर 2026 से 45 दिनों के भीतर विद्युत संयोजन संख्या 675053064 को पुनः चालू कर नियमित रूप से बिल निर्गत करे। साथ ही, इसी अवधि में मानसिक पीड़ा के लिए 10,000/- रुपये प्रतिकर और 5,000/- रुपये वाद व्यय (कुल 15,000/- रुपये) डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से आयोग के खाते में जमा कराए।
आयोग ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि कंपनी 45 दिनों के भीतर आदेश का पालन करने में विफल रहती है, तो उसे कनेक्शन जोड़े जाने तक 1,000/- रुपये प्रतिमाह अतिरिक्त प्रतिकर देना होगा तथा कुल 15,000/- रुपये की धनराशि पर परिवाद दायर करने की तिथि 2 सितंबर 2025 से वास्तविक भुगतान की तिथि तक 9 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज भी अदा करना होगा।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- आगरा तेजाब कांड: गैर-जमानती वारंट की तामील न होने पर अदालत सख्त, पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र - November 26, 2026
- सुप्रीम कोर्ट से मकान मालिकों को बड़ी राहत, नए किराया कानून के तहत लंबित वाद नहीं होंगे खारिज - November 26, 2026
- बिना बकाया मनमाने ढंग से बिजली कनेक्शन काटना सेवा में कमी, टोरेंट पावर पर लगा हर्जाना - November 26, 2026





1 thought on “बिना बकाया मनमाने ढंग से बिजली कनेक्शन काटना सेवा में कमी, टोरेंट पावर पर लगा हर्जाना”