इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर नोटिस जारी, 12 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई
आगरा/नई दिल्ली ।
उत्तर प्रदेश नगरीय परिसर किरायेदारी विनियमन अधिनियम, 2021 (उ.प्र. अधिनियम संख्या 16 सन् 2021) को लेकर सर्वोच्च न्यायालय ने प्रदेश के मकान मालिकों को बड़ी राहत प्रदान की है।
न्यायमूर्ति प्रशांत कुमार मिश्रा एवं न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर की पीठ ने 20 नवंबर 2026 को एक महत्वपूर्ण अंतरिम आदेश पारित करते हुए स्पष्ट किया है कि विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) के लंबित रहने के दौरान 2021 के अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत किराया प्राधिकारियों के समक्ष विचाराधीन कार्यवाहियों को इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के आधार पर न तो पोषणीय न होने के कारण खारिज किया जाएगा और न ही समाप्त किया जाएगा। शीर्ष अदालत ने इस मामले में नोटिस जारी करते हुए अगली सुनवाई के लिए 12 जनवरी 2027 की तिथि निर्धारित की है।
क्या था इलाहाबाद हाईकोर्ट का फैसला:
उल्लेखनीय है कि इलाहाबाद हाईकोर्ट की खंडपीठ (न्यायमूर्ति सौमित्र दयाल सिंह एवं न्यायमूर्ति स्वरूपमा चतुर्वेदी) ने 21 अगस्त 2026 को इंदर भूषण साहनी बनाम राज्य (रिट-ए संख्या 13349 सन् 2024) सहित 16 याचिकाओं का निस्तारण करते हुए 2021 के किराया अधिनियम की धारा 8, 9, 10, 38 और 42 को असंवैधानिक घोषित कर दिया था। इन याचिकाओं में अधिकांश मामले आगरा और फर्रुखाबाद से संबंधित थे।
हाईकोर्ट ने माना था कि अधिनियम पर राष्ट्रपति की स्वीकृति न लिए जाने के कारण ये प्रावधान संपत्ति अंतरण अधिनियम, 1882 और प्रांतीय लघुवाद न्यायालय अधिनियम, 1887 के प्रतिकूल हैं। इसके साथ ही अदालत ने निरस्त हो चुके वर्ष 1972 के पुराने किराया कानून को आवश्यक सीमा तक पुनः प्रभावी माना था।
बाद में 5 अक्टूबर 2026 को हाईकोर्ट ने इस फैसले पर एक स्पष्टीकरण आदेश भी पारित किया था, जिससे प्रदेश भर के किराया प्राधिकारियों और न्यायाधिकरणों में लंबित हजारों मामलों के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
Also Read – बिना बकाया मनमाने ढंग से बिजली कनेक्शन काटना सेवा में कमी, टोरेंट पावर पर लगा हर्जाना

सुप्रीम कोर्ट में चुनौती और याचिकाकर्ताओं के तर्क:
हाईकोर्ट के इस निर्णय और 5 अक्टूबर 2026 के स्पष्टीकरण आदेश के विरुद्ध फर्रुखाबाद के मकान मालिकों की ओर से सर्वोच्च न्यायालय में विशेष अनुमति याचिकाएं दायर की गई हैं, जिनमें तरुण गुप्ता व अन्य बनाम राजेंद्र कुमार अग्रवाल व अन्य – एसएलपी (सी) संख्या 38681-83/2026 प्रमुख है।
याचिकाओं में तर्क दिया गया है कि हाईकोर्ट ने केंद्रीय कानूनों से कोई प्रत्यक्ष टकराव नहीं पाया और राज्य के कानून की वैधता की उपधारणा की अनदेखी की है।
इसके अतिरिक्त, यह विधिक प्रश्न भी उठाया गया है कि विधायिका द्वारा निरस्त किए जा चुके 1972 के अधिनियम को न्यायालय द्वारा पुनर्जीवित नहीं किया जा सकता।
आगरा सहित प्रदेश भर के मामलों पर असर और वैधानिक समय-सीमा:
सुप्रीम कोर्ट के इस अंतरिम संरक्षण का सीधा लाभ किराया प्राधिकारी, आगरा सहित उत्तर प्रदेश के सभी किराया प्राधिकारियों के समक्ष लंबित मामलों को मिलेगा।
अब इन वादों पर 2021 के अधिनियम के अंतर्गत नियमित सुनवाई और निर्णय हो सकेगा। विधिक रूप से इस अधिनियम का मूल उद्देश्य मकान मालिक और किरायेदार विवादों का त्वरित निस्तारण करना है, जिसके लिए स्पष्ट समय-सीमा तय की गई है:
किराया प्राधिकारी: अधिनियम की धारा 33(2) के तहत किराया प्राधिकारी को आवेदन प्राप्त होने की तिथि से 60 दिन के भीतर मामले का निस्तारण करने का प्रयास करना होता है। निर्धारित अवधि में निस्तारण न हो पाने पर प्राधिकारी को इसके कारण लिखित रूप में दर्ज करने होते हैं।
बेदखली के आवेदन: धारा 33(7) व 33(8) के अंतर्गत धारा 21(2) के खंड (क), (ख), (ङ), (च), (छ) तथा धारा 22 के तहत दाखिल बेदखली के आवेदनों को 90 दिन के भीतर, जबकि धारा 21(2) के खंड (ग) व (घ) के आवेदनों को 30 दिन के भीतर तय किया जाना अनिवार्य है।
किराया न्यायाधिकरण में अपील: धारा 33(2) व 35(2) के अनुसार किराया प्राधिकारी के आदेश के विरुद्ध 30 दिन के भीतर अपील दायर की जा सकती है।
न्यायाधिकरण को प्रतिवादी पर नोटिस तामील होने के 30 दिन के भीतर सुनवाई नियत करनी होती है और नोटिस तामील की तिथि से 60 दिन के भीतर अपील का निस्तारण करना होता है। मई 2024 में भी इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इन समय-सीमाओं का पालन करने के निर्देश दिए थे।
Also Read – नकदी, आभूषण व लाइसेंसी राइफल चोरी के आरोपी की जमानत मंजूर, स्वतंत्र गवाह पेश न कर सकी पुलिस
शीघ्र निस्तारण की अपील:
सर्वोच्च न्यायालय के इस आदेश का स्वागत करते हुए अधिवक्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता के.सी. जैन ने कहा कि यह निर्णय प्रदेश के लाखों मकान मालिकों के लिए न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद लंबित मामलों के समाप्त हो जाने का जो खतरा पैदा हो गया था, वह अब दूर हो गया है।
के.सी. जैन ने किराया प्राधिकारियों और न्यायाधिकरणों से अनुरोध किया कि वे सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुपालन में बने इस कानून की मंशा और 60 दिन की वैधानिक समय-सीमा का पालन करते हुए वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्रातिशीघ्र निस्तारण करें, ताकि मकान मालिकों और किरायेदारों के हितों में संतुलन स्थापित हो सके।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- तेजोमहालय प्रकरण: वादपत्र में संशोधन प्रार्थना पत्र की प्रति विपक्षी को सौंपी गई, 14 दिसंबर को अगली सुनवाई - November 26, 2026
- आगरा तेजाब कांड: गैर-जमानती वारंट की तामील न होने पर अदालत सख्त, पुलिस आयुक्त को भेजा पत्र - November 26, 2026
- सुप्रीम कोर्ट से मकान मालिकों को बड़ी राहत, नए किराया कानून के तहत लंबित वाद नहीं होंगे खारिज - November 26, 2026





1 thought on “सुप्रीम कोर्ट से मकान मालिकों को बड़ी राहत, नए किराया कानून के तहत लंबित वाद नहीं होंगे खारिज”