वार्षिक क्रिकेट मैच में आगरा बेंच ने आगरा बार एसोसिएशन को हराकर जीती ट्रॉफी

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा:

आगरा बार एसोसिएशन और आगरा बेंच के मध्य वार्षिक क्रिकेट मैच का आयोजन रविवार को डाबर एवं चाहर क्रिकेट एकेडमी स्टेडियम में किया गया।

इस रोमांचक दिन-रात के मुकाबले में आगरा बेंच की टीम ने विजय प्राप्त कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

आगरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और नॉन-प्लेइंग कप्तान सुभाष बाबू परमार ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। बार टीम के प्लेइंग कप्तान देवेंद्र सिंह धाकरे ने एस.पी. भारद्वाज और सुशील कटारा को ओपनिंग के लिए मैदान पर उतारा, जिन्होंने टीम को ठोस शुरुआत दी।

इसके बाद जैकी सिंह ने शानदार 50 रन बनाए और मनीष जैन की उपयोगी पारी की बदौलत बार एसोसिएशन की टीम ने निर्धारित ओवरों में 177 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा बेंच की टीम ने कप्तान और जिला जज माननीय संजय कुमार मलिक के नेतृत्व में बेहतरीन प्रदर्शन किया। बेंच की टीम ने मात्र 3 विकेट खोकर 20 ओवर पूरे होने से पहले ही 178 रनों का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की।

मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिला जज माननीय संजय कुमार मलिक, बार अध्यक्ष सुभाष बाबू परमार, सचिव विनोद कुमार शुक्ला और क्रीड़ा सचिव अज़रा राईन ने संयुक्त रूप से विजेताओं को पुरस्कृत किया।

मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए शिवम वशिष्ठ को मैन ऑफ द मैच और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज चुना गया। अनुज कुमार सिंह को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज, आशीष कंबोज को सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक और जैकी सिंह को डिफेंडर ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया।

अंपायर विकास गुप्ता व उमेश सिसोदिया और कमेंटेटर रवि अरोरा, पाल सिंह राठौर व एडीजे अमरजीत सिंह को भी प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उद्योगपति पूरन डाबर का भी सम्मान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान गजेंद्र कुमार अग्रवाल द्वारा की गई आकर्षक आतिशबाजी ने सभी का मन मोह लिया।

मैच के सफल आयोजन और भोजन व्यवस्था में उपाध्यक्ष महेंद्र कुमार गोयल, सर्वेश चंद्र कुलश्रेष्ठ और डॉ. अजीत कुमार सिंह का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर अरुण कुमार सोलंकी, शैलेंद्र रावत, बसंत गुप्ता, धर्मेंद्र वर्मा और राहुल सिसोदिया सहित बड़ी संख्या में अधिवक्तागण और न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Group BulletinChannel Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

1 thought on “वार्षिक क्रिकेट मैच में आगरा बेंच ने आगरा बार एसोसिएशन को हराकर जीती ट्रॉफी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *