आगरा:
दीवानी न्यायालय परिसर के गेट नंबर एक स्थित वाहन पार्किंग में सोमवार दोपहर चिलचिलाती धूप के बीच अचानक आग लग गई। कूड़े के ढेर से उठी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से वहां खड़ी पांच कारें झुलस गईं।
इस घटना में एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि अन्य गाड़ियों के टायर और महत्वपूर्ण हिस्से जल गए।
दोपहर करीब 2:30 बजे लगी इस आग की सूचना मिलते ही मौके पर तैनात एस.एस.एफ. के जवान राहुल सारस्वत और मुकेश कुमार ने अन्य साथियों के साथ मोर्चा संभाला।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और अन्य वाहनों को जलने से बचाया।
इस दौरान ग्रेटर आगरा बार के पूर्व सचिव हीरेन्द्र गुप्ता की कार का शीशा तोड़कर उसे आग की लपटों से दूर किया गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि पार्किंग में खड़ा एक नीम का पेड़ भी आग की चपेट में आ गया।
Also Read – वार्षिक क्रिकेट मैच में आगरा बेंच ने आगरा बार एसोसिएशन को हराकर जीती ट्रॉफी

घटना की जानकारी मिलते ही जिला जज और जिला शासकीय अधिवक्ता राधा कृष्ण गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया है कि दीवानी परिसर का समस्त कूड़ा सफाई कर्मियों द्वारा पार्किंग क्षेत्र में ही एकत्रित किया जाता है, जहां से नगर निगम की गाड़ियां इसे उठाती हैं।
आशंका जताई जा रही है कि किसी राहगीर द्वारा बीड़ी या सिगरेट की जलती चिंगारी फेंकने के कारण सूखे कूड़े ने आग पकड़ ली। उल्लेखनीय है कि पूर्व में भी इस स्थान पर आग लगने की कई घटनाएं हो चुकी हैं।
इस घटना पर आक्रोश व्यक्त करते हुए अधिवक्ता सरोज यादव ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कचहरी परिसर में कूड़े का समय से निस्तारण न होना और धूम्रपान पर सख्ती से रोक न लगाना इस हादसे का मुख्य कारण है।
उन्होंने मांग की है कि परिसर में अग्नि शमन यंत्रों, हाइड्रेंट पाइप और जल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही, स्टाफ को भी अग्निशमन का प्रशिक्षण दिया जाना आवश्यक है।
अधिवक्ता ने इस लापरवाही की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- आगरा कचहरी लाठीचार्ज: 25 साल बाद भी मालवीय आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक न होने पर अधिवक्ताओं में रोष, यूनाइटेड बार एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन - September 26, 2026
- साक्ष्य के अभाव में दहेज हत्या के आरोपी पति सहित सात बरी, बचाव पक्ष ने साबित किया झूठा मुकदमा - September 26, 2026
- आगरा दीवानी परिसर लाठीचार्ज के 25 वर्ष: मालवीय आयोग की जांच रिपोर्ट और सरकारी कार्रवाई पर आरटीआई से उठे सवाल - September 26, 2026




