आगरा।
रिश्वत देने से मना करने पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा रची गई झूठी कहानी और हत्या के प्रयास के मुकदमे में फंसे तीन सगे भाइयों को अदालत से बड़ा न्याय मिला है।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (दशम) माननीय प्रदीप कुमार की अदालत ने साक्ष्यों के अभाव और पुलिस की कहानी में पाई गई भारी खामियों के आधार पर तीनों भाइयों को बाइज्जत बरी कर दिया है।
शमसाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम कानपुरा बंजारा निवासी तीन भाई विजय, बबलू और रविंद्र के खिलाफ थाना हरीपर्वत में हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया था।
पुलिसकर्मी ने गढ़ी थी मनगढ़ंत कहानी
दर्ज मामले के अनुसार, ट्रैफिक पुलिसकर्मी अंसार खां ने आरोप लगाया था कि 26 मई 2022 को खंदारी चौराहे पर उसने बिना नंबर की इको कार को रुकने का इशारा किया था।
आरोप था कि चालक ने जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी, जिससे वह गिर गया और उसका सरकारी ई-चालान प्रिंटर टूट गया।
इसके बाद आईएसबीटी चौराहे पर कार सवार तीनों भाइयों ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
Also Read – आगरा उपभोक्ता आयोग प्रथम का बड़ा फैसला: निखिल होम्स को 12.31 लाख रुपये मय ब्याज लौटाने का आदेश

अदालत में खुली पुलिस की पोल
अदालत में सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता पाल सिंह राठौर ने पुलिस की इस कहानी को पूरी तरह से झूठा साबित किया।
मेडिकल करने वाले डॉ. सुनील यादव ने अदालत में बताया कि वादी के शरीर पर केवल एक साधारण नीलगू चोट का निशान था।
वादी ने सीने में दर्द की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई एक्सरे रिपोर्ट पेश नहीं की। इसके अलावा, कथित रूप से टूटे हुए प्रिंटर की कोई डैमेज रिपोर्ट या मरम्मत की रसीद भी अदालत में दाखिल नहीं की गई।
इतनी बड़ी घटना सार्वजनिक चौराहे पर होने के बावजूद पुलिस एक भी स्वतंत्र गवाह पेश नहीं कर सकी।
गवाहों ने बताया असली सच
आरोपियों की बुआ कांति और बबलू की पत्नी राधा ने अदालत में गवाही देकर असली घटनाक्रम उजागर किया।
उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन वे सभी नई इको कार से एक शादी समारोह में शामिल होने भरतपुर जा रहे थे। बस अड्डे के पास ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने कार रोककर चाबी निकाल ली और 5 हजार रुपये की मांग की।
रुपये न देने पर उसने कार से उतारकर उनके साथ मारपीट की, महिलाओं के साथ अभद्रता की और झूठा आरोप लगाकर तीनों भाइयों को जेल भिजवा दिया।
अदालत का फैसला
एडीजे 10 माननीय प्रदीप कुमार की अदालत ने बचाव पक्ष के वकील के तर्कों से सहमति जताई।
अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष कोई भी स्वतंत्र गवाह पेश करने में विफल रहा और मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिसकर्मी के गंभीर दावों की पुष्टि नहीं करती है।
बचाव पक्ष के गवाहों के स्पष्ट बयानों और पुलिस की कार्यवाही में मौजूद भारी विरोधाभासों को देखते हुए अदालत ने तीनों भाइयों को सभी आरोपों से दोषमुक्त कर दिया।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- महिला उद्यमी से 18 लाख की धोखाधड़ी के मामले में यूरेका फोर्ब्स कर्मी की अग्रिम जमानत खारिज - November 12, 2026
- हत्या के प्रयास मामले में वारंट पर जेल भेजे गए आरोपी की जमानत मंजूर - November 12, 2026
- रिश्वत न देने पर ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज कराया था हत्या के प्रयास का झूठा मुकदमा, अदालत ने तीन सगे भाइयों को किया दोषमुक्त - November 12, 2026





1 thought on “रिश्वत न देने पर ट्रैफिक पुलिस ने दर्ज कराया था हत्या के प्रयास का झूठा मुकदमा, अदालत ने तीन सगे भाइयों को किया दोषमुक्त”