आगरा/प्रयागराज:
मथुरा श्री कृष्ण जन्मभूमि और शाही ईदगाह मस्जिद विवाद मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में सुनवाई की प्रक्रिया निरंतर जारी है।
इस विवाद से जुड़ी विभिन्न याचिकाओं पर हुई ताजा सुनवाई के दौरान महत्वपूर्ण प्रगति देखने को मिली है।
इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई के दौरान सूट नंबर 1, 9 और 16 में बहस की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अदालत ने अन्य याचिकाओं पर अगली सुनवाई के लिए 15 मई की तिथि निर्धारित की है।
उस दिन दोपहर 2:00 बजे से पुनः दलीलों को सुना जाएगा।

उल्लेखनीय है कि श्री कृष्ण भगवान जन्मभूमि से संबंधित मुख्य वाद संख्या 1 वर्ष 2023 के साथ कुल 18 मुकदमों की सुनवाई एक साथ चल रही है।
हाईकोर्ट अक्टूबर 2023 से इन याचिकाओं पर निरंतर सुनवाई कर रहा है। इन अर्जियों में मुख्य रूप से शाही ईदगाह मस्जिद को अतिक्रमण बताते हुए उसे हटाने और मंदिर पक्ष को भूमि का कब्जा सौंपने की मांग की गई है। इसके अलावा मंदिर के जीर्णोद्धार और स्थायी निषेधाज्ञा जारी करने की भी प्रार्थना की गई है।
हाईकोर्ट इस पूरे मामले की सुनवाई अयोध्या विवाद की तर्ज पर सीधे तौर पर कर रहा है। वर्तमान में जस्टिस अवनीश सक्सेना की सिंगल बेंच इन याचिकाओं पर कानूनी पहलुओं और साक्ष्यों का परीक्षण कर रही है।
मंदिर पक्ष की ओर से कुल 18 मुकदमे दायर किए गए हैं, जो विवादित परिसर के स्वामित्व और धार्मिक स्वरूप से जुड़े हुए हैं। अब सभी की नजरें 15 मई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- कोर्ट के आदेश के बाद भी नहीं रिलीज कीं गैंगस्टर एक्ट में कुर्क दुकानें, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गाजीपुर के नए DM को जारी किया अवमानना नोटिस - May 24, 2026
- हथियारों के लाइसेंस पर इलाहाबाद हाईकोर्ट सख्त, कहा- बंदूकों और डराने की संस्कृति सामाजिक शांति के लिए बड़ा खतरा - May 22, 2026
- दीर्घकालिक सहमति जन्य संबंधों को बलात्कार नहीं माना जा सकता, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने आपराधिक कार्यवाही की रद्द - May 21, 2026




