आगरा के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग-प्रथम ने उपभोक्ता के पक्ष में एक महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए खराब मशीन देने वाले डीलर और निर्माता कम्पनी पर अनुचित व्यापार संव्यवहार के लिए कार्रवाई की है।
इस मामले में आयोग के आदेश के बाद डीलर ने पीड़ित उपभोक्ता को नई मशीन और मुआवजे की राशि सौंप दी है।
यह मामला ग्वालियर रोड, रोहता स्थित ओम मोटर्स के मालिक राज कुमार से जुड़ा है। परिवादी ने 12 दिसंबर 2021 को सिकंदरा स्थित एक्सिस टूल्स एंड इक्विपमेंट्स (डीलर) और नैनाटेक इलेक्ट्रॉनिक्स (निर्माता) से 1,12,100/- रुपये में एक इन्फ्रारेड ड्रायर खरीदा था। जब मशीन की डिलीवरी हुई, तो ड्रायर की रॉड टूटी हुई निकली।
डीलर ने आश्वासन दिया था कि एक महीने के अंदर निर्माता कंपनी से नया पार्ट मंगाकर बदल दिया जाएगा, लेकिन कई बार शिकायत करने, ईमेल भेजने और कानूनी नोटिस देने के बाद भी न तो मशीन बदली गई और न ही पैसे वापस किए गए।
आयोग के अध्यक्ष माननीय सर्वेश कुमार और सदस्य राजीव सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए इसे अनुचित व्यापार संव्यवहार और सेवा में कमी माना।
Also Read – कामाख्या माता मंदिर विवाद: सुन्नी सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने सुनवाई रोकने के लिए दिया प्रार्थना पत्र

14 अगस्त 2026 को दिए गए अपने निर्णय में फोरम ने आदेश दिया कि 45 दिन के भीतर परिवादी को नया इन्फ्रारेड ड्रायर दिया जाए या फिर 12 दिसंबर 2021 से 6 प्रतिशत साधारण ब्याज के साथ मशीन की पूरी कीमत वापस की जाए।
इसके अलावा, मानसिक पीड़ा के मुआवजे के रूप में 10,000/- रुपये और वाद व्यय के लिए 5,000/- रुपये देने का भी आदेश दिया गया।
आयोग के इस सख्त आदेश के अनुपालन में 2 नवंबर 2026 को डीलर द्वारा उपभोक्ता को नया इन्फ्रारेड ड्रायर सौंप दिया गया और खराब मशीन वापस ले ली गई।
साथ ही, हर्जाने और खर्च के तौर पर 15,000/- रुपये का भुगतान चेक के माध्यम से परिवादी को कर दिया गया।
उपभोक्ता को नया उत्पाद और हर्जाना मिलने के बाद आयोग ने पूर्ण संतुष्टि मानते हुए इस मामले की कार्यवाही समाप्त कर दी है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- आगरा दहेज हत्या मामला: अदालत ने दोषी पति और ससुर को सुनाई 7 वर्ष की कैद, 82 हजार का अर्थदंड - November 17, 2026
- आगरा: दुष्कर्म मामले में आरोपी की जमानत मंजूर, एफआईआर में विलंब और स्पष्ट तारीख का अभाव बना आधार - November 17, 2026
- आगरा: सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में दो आरोपी बरी, गवाहों के मुकर जाने और साक्ष्य का अभाव बना आधार - November 17, 2026





1 thought on “आगरा उपभोक्ता फोरम प्रथम का अहम फैसला: खराब इन्फ्रारेड ड्रायर देने पर डीलर और निर्माता को फटकार, उपभोक्ता को मिला न्याय”