आगरा दहेज हत्या मामला: अदालत ने दोषी पति और ससुर को सुनाई 7 वर्ष की कैद, 82 हजार का अर्थदंड

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा।

आगरा की एक स्थानीय अदालत ने दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में फैसला सुनाते हुए आरोपी पति और ससुर को दोषी करार दिया है।

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे प्रथम) माननीय शिव कुमार की अदालत ने दोनों दोषियों को 7 वर्ष के कारावास और 82 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है।

मामले की पृष्ठभूमि:

अभियोजन पक्ष के अनुसार, थाना हरीपर्वत क्षेत्र के लंगड़े की चौकी निवासी वादी रितिक ने मुकदमा दर्ज कराया था। रितिक की बहन चित्रा का विवाह 1 मई 2023 को थाना कमला नगर के इंद्रा एंक्लेव, बल्केश्वर निवासी हेमंत के साथ हुआ था।

वादी का आरोप था कि शादी में हैसियत से अधिक दान-दहेज देने के बावजूद ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर वे लगातार चित्रा का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे।

प्रताड़ना के कारण चित्रा को घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह मायके में रह रही थी। बाद में 30 अक्टूबर 2023 को आरोपी समझौता करके उसे वापस ससुराल ले गए।

Also Read – आगरा: दुष्कर्म मामले में आरोपी की जमानत मंजूर, एफआईआर में विलंब और स्पष्ट तारीख का अभाव बना आधार

चुन्नी से गला घोंटकर की गई थी हत्या:

समझौते के चंद दिनों बाद ही 10 नवंबर 2023 को ससुराल में चित्रा की चुन्नी से गला घोंटकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को कमरे में छोड़कर बाहर से ताला लगाकर फरार हो गए थे।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कमला नगर पुलिस ने जांच शुरू की और पति हेमंत तथा ससुर हर विलास के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया।

अदालत का फैसला:

अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता आदर्श चौधरी ने अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी की।

Also Read – आगरा उपभोक्ता फोरम प्रथम का अहम फैसला: खराब इन्फ्रारेड ड्रायर देने पर डीलर और निर्माता को फटकार, उपभोक्ता को मिला न्याय

एडीजे प्रथम माननीय शिव कुमार की अदालत ने गवाहों के बयानों, मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शासकीय अधिवक्ता के तर्कों से सहमत होते हुए पति हेमंत और ससुर हर विलास को दहेज हत्या का दोषी पाया।

अदालत ने दोनों को 7-7 वर्ष की कैद की सजा सुनाने के साथ ही कुल 82 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Channel Bulletin & Group Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *