आगरा: सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में दो आरोपी बरी, गवाहों के मुकर जाने और साक्ष्य का अभाव बना आधार

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा।

आगरा की एक विशेष पॉक्सो अदालत ने सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और दलित उत्पीड़न के एक गंभीर मामले में फैसला सुनाते हुए दो आरोपियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है।

इस मामले में वादी मुकदमा और स्वयं पीड़िता सहित सभी प्रमुख गवाह अदालत में अपने पूर्व बयानों से मुकर गए, जिसके आधार पर अदालत ने यह निर्णय लिया।

अभियोजन पक्ष का आरोप:

थाना फतेहाबाद में दर्ज कराए गए मुकदमे के अनुसार, घटना 8 अक्टूबर 2018 की रात लगभग 8 बजे की बताई गई थी। वादी मुकदमा की पुत्री शौच के लिए खेत की ओर गई थी। आरोप था कि इसी दौरान फतेहाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मुरावल निवासी राजकुमार (पुत्र रूप सिंह बघेल) और धर्मेंद्र (पुत्र पप्पू बघेल) ने पीड़िता को दबोच लिया।

शिकायत में कहा गया था कि आरोपियों ने पीड़िता के कपड़े फाड़ दिए, उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट, दलित उत्पीड़न और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोप पत्र अदालत में पेश किया था।

गवाहों का मुकरना और बचाव पक्ष की दलीलें:

विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) माननीय कुंदन किशोर सिंह की अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष का मामला तब कमजोर पड़ गया जब वादी मुकदमा, पीड़िता और तीन अन्य महत्वपूर्ण गवाह अपने पहले दिए गए बयानों का समर्थन नहीं कर सके और पूर्व कथन से मुकर गए (होस्टाइल हो गए)।

Also Read – आगरा उपभोक्ता फोरम प्रथम का बिल्डर पर चाबुक: फ्लैट कब्जे में देरी और अवैध वसूली पर लगाया जुर्माना

बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता अशोक कुमार कुशवाह ने अदालत में पैरवी की।

उन्होंने गवाहों के बयानों में विरोधाभास और उनके मुकर जाने का हवाला देते हुए तर्क रखा कि आरोपियों को झूठा फंसाया गया है और पत्रावली पर उन्हें सजा दिलाने के लिए कोई भी ठोस साक्ष्य मौजूद नहीं है।

अदालत का फैसला:

विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट माननीय कुंदन किशोर सिंह ने बचाव पक्ष के अधिवक्ता के तर्कों को सुना और पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों का अवलोकन किया।

गवाहों के मुकर जाने और आरोपियों के खिलाफ कोई भी विश्वसनीय साक्ष्य न पाए जाने पर अदालत ने राजकुमार और धर्मेंद्र को सामूहिक दुराचार, पॉक्सो एक्ट और दलित उत्पीड़न के आरोपों से दोषमुक्त करते हुए बरी करने के आदेश दिए।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Channel Bulletin & Group Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *