तहसीलदार, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान समेत 15 के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आदेश
आगरा:
खेरागढ़ तहसील क्षेत्र में एक गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अविवाहित मृतक रोडवेज ड्राइवर की करीब 7 बीघा कृषि भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर कब्जाने के आरोप में तत्कालीन तहसीलदार खेरागढ़, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान सहित कुल 15 लोगों के विरुद्ध अदालत के आदेश पर थाना कागारौल में मुकदमा दर्ज किया गया है।
क्या है मामला ?
वादी भीकम सिंह (पुत्र स्व. बाबू लाल, निवासी नगला बेरी चाहर, थाना कागारौल) ने अदालत में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि उनका अविवाहित छोटा भाई रामवीर लवानियां उत्तर प्रदेश रोडवेज में ड्राइवर के पद पर कार्यरत था, जिसकी 26 मार्च 2022 को असामयिक मृत्यु हो गई थी।
वादी का आरोप है कि गाँव में उनकी और उनके मृतक भाई की कृषि भूमि है। रामवीर की मृत्यु के बाद, विपक्षीगण ने साठगांठ कर फर्जी प्रपत्र तैयार किए और कल्पना शर्मा को उनके मृतक भाई की फर्जी पत्नी दर्शाया।
Also Read – मकान बेचने के नाम पर दोस्त को लगाया ₹5.5 लाख का चूना

जमीन पर कब्जे के लिए फर्जीवाड़े की शृंखला:
* विपक्षियों ने 10 रुपये के स्टाम्प पेपर पर नोटरी के माध्यम से विवाह नामा तैयार किया।
* जमीन कब्जाने के उद्देश्य से कल्पना शर्मा का नाम परिवार रजिस्टर में भी दर्ज करा लिया।
* यही नहीं, तहसील खेरागढ़ से निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, वोटर कार्ड और आधार कार्ड भी वादी और उसके मृतक भाई के पते के बनवा लिए गए।
वादी भीकम सिंह ने अदालत को बताया कि कल्पना शर्मा पहले से ही दिनेश लवानियां की विधिक पत्नी हैं और उनका तलाक भी नहीं हुआ है, उनका अमित नाम का एक पुत्र भी है।
इसके बावजूद कल्पना शर्मा ने मृतक रामवीर लवानियां की वारिस बनने के लिए झूठे तथ्यों के आधार पर तहसीलदार खेरागढ़ की अदालत में मुकदमा भी प्रस्तुत कर दिया।
इन 15 लोगों पर हुआ मुकदमा दर्ज:
वादी द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य के आधार पर अदालत ने मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए। इसके बाद थाना कागारौल में निम्नलिखित 15 लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है:
* श्रीमती कल्पना शर्मा (पत्नी दिनेश लवानियां)
* उनका पुत्र अमित
* फर्जीवाड़े के गवाह कैलाश चन्द, पप्पू, रामवीर

* विजय पाल सिंह और राजेश (जिनका आपराधिक इतिहास बताया गया है)
* अजय सिंह (तत्कालीन ग्राम प्रधान)
* तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी
* तत्कालीन तहसीलदार खेरागढ़
* श्रीमती सरोज शर्मा
* रोहित शर्मा
* श्यामू शर्मा
* लक्ष्मी कांत शर्मा
पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- मंदिर में पांच वर्षीया बालिका से दुराचार के प्रयास में अभियुक्त को सात वर्ष का कठोर कारावास - September 16, 2026
- छात्रा अपहरण एवं दुराचार मामले में 15 वर्ष बाद चार आरोपी साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त - September 16, 2026
- लूट के मामले में पुलिस की लापरवाही उजागर, अदालत ने दो आरोपियों की जमानत की स्वीकृत - September 16, 2026




