आंधी में उड़ा सोलर सिस्टम, उपभोक्ता आयोग ने जारी किया नोटिस

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा: २७ जून ।

आगरा में एक उपभोक्ता के घर पर लगा सोलर सिस्टम तेज आंधी में उड़कर पड़ोसी की छत पर जा गिरा, जिसके बाद उपभोक्ता ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम में शिकायत दर्ज कराई है। आयोग के अध्यक्ष माननीय सर्वेश कुमार ने इस मामले में विपक्षी को 31 जुलाई, 2025 के लिए नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

मामला जल सिंह परिहार से जुड़ा है, जो ग्राम सोनोथी, थाना फतेहपुर सीकरी, जिला आगरा के निवासी हैं। उन्होंने 2 अप्रैल, 2024 को मैसर्स आदित्य सोलर प्राइवेट लिमिटेड के प्रोप्राइटर राजकुमार राणा (निवासी अवध पुरी, शास्त्री पुरम रोड, जिला आगरा) से 1 लाख 60 हजार रुपये में 3 किलोवाट का सोलर सिस्टम अपने आवास पर लगवाया था।

21 मई, 2025 को आई एक आंधी में यह सोलर सिस्टम वादी के घर की छत से उखड़कर पड़ोसी की छत पर जा गिरा और क्षतिग्रस्त हो गया। वादी जल सिंह परिहार ने इस संबंध में विपक्षी से शिकायत की, लेकिन उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। यहां तक कि वादी द्वारा भेजे गए नोटिस का भी विपक्षी ने कोई जवाब नहीं दिया।

इसके बाद जल सिंह परिहार ने जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम में मैसर्स आदित्य सोलर प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध मुकदमा दायर किया। आयोग के अध्यक्ष माननीय सर्वेश कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विपक्षी को 31 जुलाई, 2025 को पेश होने के लिए नोटिस जारी किया है।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Channel Bulletin & Group Bulletin
विवेक कुमार जैन
Follow me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *