आगरा में राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए प्रचार वाहन रवाना, 9 मई को होगा आयोजन

न्यायालय मुख्य सुर्खियां

आगरा।

जनपद न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष माननीय संजय कुमार मलिक के निर्देशन में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है।

इसी क्रम में आज गुरुवार को जनपद न्यायालय परिसर से एक विशेष प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में आम जनता को जागरूक करना और उन्हें अपने विवादों का निस्तारण सुलह-समझौते के माध्यम से करने के लिए प्रेरित करना है।

यह प्रचार वाहन जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। ध्वनि विस्तारक यंत्रों और प्रचार सामग्री के माध्यम से लोगों को लोक अदालत के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी जाएगी।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव माननीय पंकज कुमार-1 ने इस अवसर पर बताया कि इस राष्ट्रीय लोक अदालत में बैंक वसूली, बिजली और पानी के बिल, पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना दावा, श्रम, राजस्व और अन्य सुलह योग्य मामलों का त्वरित समाधान किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक अदालत के माध्यम से वादकारियों के समय और धन दोनों की बचत होती है, साथ ही यहां होने वाले निर्णय अंतिम और मान्य होते हैं।

प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति से समाप्त कराएं।

प्रचार वाहन की रवानगी के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट माननीय शारिब अली,अपर जिला न्यायाधीश माननीय मृदुल दुबे,एसीजेएम माननीय आतिफ सिद्दीक़ी सहित विभिन्न न्यायिक अधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp  – Group BulletinChannel Bulletin

विवेक कुमार जैन
Follow me

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *