आगरा।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जनपद न्यायाधीश माननीय संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव माननीय पंकज कुमार प्रथम ने राजकीय संरक्षण गृह (महिला) का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण एवं निर्देश:
सचिव द्वारा किए गए इस निरीक्षण के दौरान संस्थान में रह रही महिलाओं की आवासीय व्यवस्था, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंध और भोजन की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की गई। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी अवलोकन किया गया।
हालांकि निरीक्षण में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन सचिव ने संस्थान के प्रभारी को परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी भी संवासनी को कानूनी सहायता की आवश्यकता हो, तो उसका प्रार्थना पत्र तत्काल जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को प्रेषित किया जाए। प्रभारी को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई है।
Also Read – मुजफ्फर नगर निवासी दहेज हत्या के आरोपी ससुर की जमानत याचिका निरस्त

पॉक्सो अधिनियम के तहत साक्षात्कार:
निरीक्षण के साथ ही कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक और साक्षात्कार कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) 2012 और नियमावली 2020 के अंतर्गत सहायक व्यक्तियों के चयन हेतु साक्षात्कार लिए गए।
इस प्रक्रिया में सचिव माननीय पंकज कुमार प्रथम के साथ जिला प्रोबेशन अधिकारी अतुल कुमार सोनी भी सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।
विशेष लोक अदालत हेतु अपील:
सचिव माननीय पंकज कुमार प्रथम ने आगामी 21, 22 और 23 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत (समाधान समारोह) की सफलता हेतु मीडिया जगत से सहयोग की अपील की है।
उन्होंने कहा कि प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया इस आयोजन का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करे ताकि आम जनता अपने लंबित वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण करा सके और अधिक से अधिक लोग इस विधिक अवसर का लाभ उठा सकें।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin





1 thought on “आगरा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने किया महिला संरक्षण गृह का निरीक्षण”