आगरा के जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग प्रथम ने एक खराब रेफ्रिजरेटर के मामले में उपभोक्ता के पक्ष में फैसला सुनाते हुए अपने आदेश का सफलतापूर्वक निष्पादन करवाया है। कानूनी प्रक्रिया के अंतिम चरण के तहत, इस मामले में परिवादी को चेक 17 नवंबर को सौंपा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी दिनेश चंद शर्मा ने 1 मार्च 2022 को आगरा के संजय प्लेस स्थित सन्नी विजन से 20,000/- रुपये में एलजी कंपनी का एक फ्रिज खरीदा था।
वारंटी अवधि के दौरान ही मात्र चार महीने बाद जून 2022 में इस फ्रिज ने कूलिंग करना बंद कर दिया। एलजी सर्विस सेंटर में बार-बार शिकायत करने और कर्मचारियों द्वारा मरम्मत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो सका।
कंपनी द्वारा नया फ्रिज न दिए जाने पर परिवादी ने न्याय के लिए उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया।
मामले की सुनवाई करते हुए आयोग के तत्कालीन अध्यक्ष माननीय सर्वेश कुमार और सदस्य राजीव सिंह की पीठ ने 17 अप्रैल 2025 को अपना निर्णय उद्घोषित किया था।
आयोग ने पाया कि फ्रिज में विनिर्माण दोष था और इसे ठीक न कर पाना एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स और डीलर की ओर से अनुचित व्यापार संव्यवहार और सेवा में कमी है।

अपने आदेश में आयोग ने विपक्षीगण को 45 दिन के भीतर परिवादी को नया फ्रिज उपलब्ध कराने तथा मानसिक पीड़ा व वाद व्यय के रूप में कुल 10,000/- रुपये अदा करने का निर्देश दिया था।
फैसले में यह भी शर्त थी कि 45 दिन के भीतर आदेश का पालन न होने पर कंपनी को 30,000/- रुपये की कुल धनराशि पर 9 प्रतिशत साधारण वार्षिक ब्याज के साथ भुगतान करना होगा।
जब तय समय सीमा में कंपनी ने आदेश का पालन नहीं किया, तो परिवादी ने निष्पादन वाद (संख्या 34/2025) दायर किया। आयोग की सख्ती के बाद, 12 सितंबर 2026 को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में विपक्षी कंपनी द्वारा ब्याज सहित कुल 40,763/- रुपये की धनराशि आयोग के खाते में जमा कर दी गई।
इसके पश्चात आयोग ने परिवादी के पक्ष में 40,763/- रुपये का एकाउंटपेयी चेक जारी करने का आदेश दिया।
न्यायालय के दस्तावेजों के अनुसार, आयोग द्वारा जारी यह 40,763/- रुपये का मूल चेक परिवादी दिनेश चंद शर्मा ने प्राप्त कर लिया है और परिवादी को चेक 17 नवंबर को सौंपा गया।
देय धनराशि का भुगतान हो जाने के बाद निष्पादन वाद की कार्यवाही पूर्ण संतुष्टि के साथ समाप्त कर दी गई है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin
- गैर इरादतन हत्या के मामले में तीन आरोपी बरी, विवेचना में लापरवाही पर तत्कालीन सीओ और थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई के आदेश - November 18, 2026
- सड़क हादसे में युवक की मौत: अदालत ने मोटरसाइकिल नंबर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने का दिया आदेश - November 18, 2026
- जिला उपभोक्ता आयोग प्रथम का एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स पर सख्त रुख, खराब फ्रिज मामले में परिवादी को मिला न्याय - November 18, 2026





1 thought on “जिला उपभोक्ता आयोग प्रथम का एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स पर सख्त रुख, खराब फ्रिज मामले में परिवादी को मिला न्याय”