जिला जज ने किया भोजन वितरण का शुभारंभ, चौदह माह से गेट नंबर चार के बाहर निरंतर जारी है यह सेवा महाभियान
आगरा।
दीवानी न्यायालय परिसर में रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘बृहद विधिक सेवा एवं मेगा शिविर’ में कानूनी सहायता के साथ-साथ निःस्वार्थ मानव सेवा का एक अद्भुत और भावुक संगम देखने को मिला।
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और निःशुल्क विधिक मार्गदर्शन के बीच ‘दीवानी अन्न-जल सेवा’ का निःशुल्क भोजन स्टॉल आमजन के लिए राहत और आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया।
इस पुनीत अन्न सेवा का विधिवत शुभारंभ जनपद न्यायाधीश माननीय संजय कुमार मलिक द्वारा किया गया।

इस विशेष अवसर पर अन्न सेवा के संचालक एडवोकेट विवेक कुमार जैन ने पुष्पगुच्छ भेंट कर जिला जज का आत्मीय स्वागत किया। आयोजन में न्यायपालिका की ओर से नोडल अधिकारी एवं एडीजे माननीय अमरजीत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव माननीय पंकज कुमार, सीजेएम माननीय शारिब अली और वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी महेश नौटियाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। न्याय के शीर्ष पहरुओं को आमजन की सेवा के इस अनुष्ठान में सीधे तौर पर सहभागी बनते देख उपस्थित जनसमूह अभिभूत हो उठा।

अन्न सेवा की प्रथम थाली पंछी पेठा के स्वामी सुनील गोयल द्वारा अत्यंत श्रद्धा भाव के साथ परोसी गई। दूर-दराज से न्याय और सरकारी योजनाओं की आस में आए जरूरतमंदों, बुजुर्गों, महिलाओं और मेहनतकश श्रमिकों को पूरे सम्मान के साथ भोजन कराया गया।
भोजन में गर्मागर्म पूड़ियां, आलू-टमाटर की रसीली सब्जी, छोले-सोया बड़ी, सुवासित चावल, मिक्स अचार और आगरा का प्रसिद्ध पेठा परोसा गया। एक ओर कानूनी अधिकारों का समाधान और दूसरी ओर आत्मीय सत्कार पाकर लाचार चेहरों पर गहरा संतोष और कृतज्ञता के भाव छलक उठे।
इस सेवा महाअभियान को निर्बाध और सफल बनाने में आयोजन समिति तथा सहयोगियों ने अपना शत-प्रतिशत समर्पण दिया। सीए वीरेन अग्रवाल और एडवोकेट विवेक कुमार जैन के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ध्रुव जैन, जय कुमार, बनवारी, पूर्व श्रम अधिकारी शैलेंद्र पाल सिंह, सलोनी जैन, वर्धम जैन और सिद्धम जैन ने पूरी व्यवस्था को अत्यंत सुचारू रूप से संभाला।

सेवाभावी सहयोगियों की इस तत्परता ने मेगा शिविर को केवल एक विधिक या प्रशासनिक आयोजन न रहने देकर, करुणा और मानवता के एक अविस्मरणीय पर्व में बदल दिया।
ज्ञातव्य है कि सेवा और समर्पण का यह भाव केवल एक दिन का नहीं है। ‘दीवानी अन्न-जल सेवा’ पिछले चौदह माह से निरंतर दीवानी अदालत के द्वार संख्या चार के बाहर प्रतिदिन चलाई जा रही है।
इस पुनीत कार्य से प्रतिदिन अधिवक्ता, न्यायिक कर्मचारी और दूर-दूर से आने वाले वादकारी लाभान्वित हो रहे हैं, जो आगरा में निःस्वार्थ सेवा की एक निरंतर मिसाल पेश कर रहा है।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin

- दीवानी न्यायालय के मेगा शिविर में छलकी करुणा, अन्न-जल सेवा बनी मानवता की अनूठी मिसाल - November 1, 2026
- आगरा दीवानी न्यायालय में मेगा विधिक सेवा शिविर संपन्न, प्रमाण पत्र, चेक और आवास की चाबियां पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे - November 1, 2026
- दवाओं के अत्यधिक मूल्य और ट्रेड मार्जिन नियमन पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई पूरी, फैसला सुरक्षित - October 28, 2026




