आगरा, 7 जुलाई 2025:
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा ) और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशानिर्देशों के तहत, आज आगरा में ‘विधान से समाधान’ कार्यक्रम के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
जिला न्यायाधीश माननीय संजय कुमार मलिक के मार्गदर्शन में खंड विकास कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी, अपर जिला जज/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा ने की। शिविर में खंड विकास अधिकारी विजय कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आगरा के नामित/पैनल अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह कुशवाहा, खंदौली आगरा के ब्लॉक प्रमुख आशीष कुमार शर्मा, एडवोकेट एडवाइजरी (एनजीओ ) की अध्यक्ष श्रीमती संगीता सहित कई कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
Also Read – इलाहाबाद हाईकोर्ट से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को बड़ी राहत, फर्जी डिग्री मामला खारिज
शिविर के दौरान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, आगरा के नामित पैनल अधिवक्ता वीरेंद्र सिंह कुशवाहा ने महिलाओं के कानूनी अधिकारों और नारी शक्ति के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।
खंड विकास अधिकारी विजय कुमार ने सभी उपस्थित लोगों से अपने आसपास खाली स्थानों और खेतों में वृक्षारोपण करने का आग्रह किया। उन्होंने ब्लॉक स्तर पर चलाई जा रही विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
माननीय डॉ. दिव्यानंद द्विवेदी ने शिविर के अंत में उपस्थित महिलाओं को यह महत्वपूर्ण जानकारी दी कि नालसा टोल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से घर बैठे निःशुल्क विधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने यह भी बताया कि 1 जुलाई, 2025 से 30 सितंबर, 2025 तक राष्ट्रीय मध्यस्थता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक मामलों को मध्यस्थता के लिए चिह्नित किया जा रहा है ताकि उन्हें समझौते के माध्यम से निपटाया जा सके।
उन्होंने सभी महिलाओं से इस जानकारी को अन्य लोगों तक पहुँचाने का भी आग्रह किया ताकि सभी अपने विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक हो सकें।शिविर का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ, जिससे उपस्थित लोगों में अपने कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ी।
Stay Updated With Latest News Join Our WhatsApp – Channel Bulletin & Group Bulletin






